महिला ने दो लुटेरों को दबोचा, तीसरे ने मार दी गोलियां
प्रमोद अपनी पत्नी नीतू शर्मा को बाइक पर लेकर दोपहर 12 बजे जंगल में देवता पूजन करने गया था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दंपती को घेर लिया। बदमाशों ने लूट शुरू की, तो नीतू उनसे भिड़ गई। नीतू ने दो बदमाशों को दबोच लिया और शोर मचाने लगी। प्रमोद की कनपटी पर तीसरे बदमाश ने पिस्टल लगा रखी थी। दोनों बदमाशों के हौसले नीतू की हिम्मत के आगे कमजोर पड़ने लगे, तो वे उससे छूटने के लिए छटपटाने लगे। शोर सुनकर लोग आते, इससे पहले ही तीसरे बदमाश ने प्रमोद को छोड़ा और नीतू को गोली मार दीं। पहली गोली नीतू के पैर में और दूसरी गोली पेट में लगी। नीतू जमीन पर गिर गई।
बदमाशों को वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। वे कुछ नहीं लूट सके। आननफानन में प्रमोद ने नीतू को बाइक पर बैठाया और गांव पहुंचा। यहां से नीतू को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर परतापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने मौके पर जाकर पड़ताल की। इसके बाद नीतू से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि महिला की हालत में सुधार बताया गया है। बदमाशों की तलाश जारी है।
No comments